Sleeper Vande Bharat Train : वंदे भारत ट्रेन देश के कई रूटों पर चलाई जा रही है। इस ट्रेन में यात्रियों को अधिक सुविधाएं मिल रही हैं। यात्रियों की सुविधा को और बढ़ाने के लिए भारतीय रेलवे वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (Vande Bharat Sleeper Train) की शुरुआत कर रहा है।
इसकी समय सीमा तय कर दी गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि स्लीपर वंदे भारत ट्रेन मार्च 2024 तक ट्रैक पर दौड़ने लगेगी। ट्रेन के संचालन के बाद लोग वंदे भारत में सोकर यात्रा कर सकेंगे। आइये इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
वर्तमान में चल रही सभी वंदे भारत एक्सप्रेस चेयर कार ही हैं, यानी इसमें बैठकर यात्रा की जा सकती है। ये ट्रेनें रात में उन्हीं स्टेशनों पर लौटती हैं जहां से शुरू होती हैं। अब रेलवे वंदे भारत के सफर को और भी सुविधाजनक बनाने जा रहा है। इन्हें राजधानी की तरह चलाने की योजना है। इसका मतलब है कि वंदे भारत स्लीपर लंबी दूरी तय करेगी। अब ये रात में चलेंगी, जिसमें यात्री सोते हुए यात्रा कर सकेंगे।
रेल मंत्रालय के मुताबिक, पहली स्लीपर वंदे भारत स्लीपर का निर्माण आईसीएफ चेन्नई द्वारा ही किया जाएगा। इसका स्लीपर कोच राजधानी और अन्य प्रीमियम ट्रेनों से थोड़ा अलग होगा। इसमें प्रत्येक कोच में चार की जगह तीन शौचालय होंगे। इसके साथ ही एक मिनी पेंट्री भी बनाई जाएगी। स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में कुल 823 बर्थ होंगी। वहीं स्टाफ के लिए 34 बर्थ तैयार किया गया है।
वंदे भारत एक्सप्रेस की खासियत
यह ट्रेन मात्र 52 सेकंड में 100 किमी रफ्तार से दौड़ सकती हैं।वंदे भारत ट्रेन की कुर्सी को 180 डिग्री तक घुमाया जा सकता है। ट्रेन में जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे, वैक्यूम शौचालय हैं। इसमें पावर बैकअप का भी प्रावधान है।
यह ट्रेन सुरक्षा कवच से लैस है। सफर के दौरान यात्री सुरक्षित महसूस करें इसका पूरा ख्याल रखा गया है। इसमें पुश बटन स्टॉप की सुविधा भी है। किसी भी आपात स्थिति में एक बटन दबाकर ट्रेन को रोका जा सकता है।