Petrol Price : देश में पेट्रोल डीजल की कीमतों से लोग परेशान हैं। बीते एक साल में पेट्रोल डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं देखा गया है। इस साल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कच्चे तेल के दामों में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन पेट्रोल डीजल की कीमतों में कमी नहीं देखे जा रहे हैं।
इस पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Hardeep Singh Puri) ने बड़ा बयान दिया है। मंत्री ने पेट्रोल डीजल सस्ता होने की बात कही। हालांकि हरदीप सिंह पुरी ने पेट्रोल डीजल की कीमतों में कितने और कब कम होंगे इस पर विशेष जानकारी नहीं दी है।
कम होंगे पेट्रोल डीजल के दाम
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि पहले तेल कंपनियों को घाटा हो रहा था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। पिछले कुछ समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में कमी आई है और अगर दुनिया में यही स्थिति रही तो आने वाले समय में देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में गिरावट आएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निश्चित तौर पर जनता के हित में फैसला लेंगे।
पीएम मोदी का गुणगान
एक इंटरव्यू में हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पिछले एक साल से पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़े हैं, जबकि दुनियाभर के कई देशों में लगातार दाम बढ़ाए गए और इसका पूरा श्रेय पीएम नरेंद्र मोदी को जाता है। उन्होंने आगे कहा, ‘पीएम मोदी ने नवंबर 2021 और मई 2022 में दो बार एक्साइज घटाया, जिससे पेट्रोल और डीजल के दाम 6 रुपये और 13 रुपये कम किए गए।’
बीते एक साल में इतने कम हुए कच्चे तेल की कीमत
आपको बता दें कि पिछले एक साल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कच्चे तेल की कीमतों में भारी कमी आई है। जून 2022 में कच्चा तेल 116.01 डॉलर प्रति बैरल था, जो अब जून 2023 में घटकर 74.6 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। हालांकि, इसके बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई कमी नहीं आई है।