डेस्क : देशभर में सरकारी नौकरियों को लेकर काफी क्रेज है। युवाओं की पहली पसंद सरकारी नौकरी होती है। ऐसे में कई विभागों में समय-समय पर भर्तियां निकाली जाती हैं। इसी कड़ी में इंडिया पोस्ट ने 1800 से ज्यादा पदों पर भर्तियां जारी की हैं। इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इच्छुक उम्मीदवार इस indiapost.gov.in वेबसाइट पर 9 दिसंबर 2023 तक आवेदन कर सकते हैं।
आइए इस भर्ती प्रक्रिया को विस्तार से जानते हैं। इस भर्ती अभियान के माध्यम से इंडिया पोस्ट में कुल 1899 रिक्तियां भरी जाएंगी। जिसमें पोस्टल असिस्टेंट के 598 पद, पोस्टमैन के 585 पद, मल्टी टास्किंग स्टाफ के 570 पद, शॉर्टिंग असिस्टेंट के 143 पद और मेल गार्ड के 3 पद भरे जाएंगे।
आवश्यक शैक्षणिक योग्यता
नोटिफिकेशन के मुताबिक इस भर्ती अभियान के लिए आवेदन करने की योग्यता अलग-अलग रखी गई है। इस भर्ती अभियान के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को पद के अनुसार 10वीं/12वीं/स्नातक उत्तीर्ण होना चाहिए। साथ ही कुछ पदों के लिए उम्मीदवार को कंप्यूटर का ज्ञान होना भी जरूरी है।
भर्ती के लिए आयु सीमा
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गई है। वहीं उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 25/27 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी
इतना आवेदन शुल्क देना होगा
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। भर्ती अभियान के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क देना होगा। जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क शून्य रखा गया है। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार आधिकारिक साइट की मदद ले सकते हैं।