डेस्क: अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘पुष्पा-द राइज’ का हिंदी वर्जन भी ताबड़तोड़ कमाई करता दिख रहा है। प्रभास की तेलुगु फिल्म ‘बाहुबली द बिगिनिंग’ के नक्शे कदम पर पुष्पा भी आगे बढ़ रहा है। साल 2015 में रिलीज बाहुबली एक ऐसी हिंदी डब्ड वर्जन फिल्म थी, जिसने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर ट्रेंड को चौंका दिया था।
यह पहली साउथ इंडियन फिल्म थी, जिसकी हिंदी वर्जन में इतनी कमाई हुई थी। पुष्पा भी हिंदी में इस आंकड़े को पार करती है तो यह दूसरी साउथ इंडियन फिल्म होगी। 26 जनवरी को पुष्पा की नेट कलेक्शन एक करोड़ के पार पहुंच गया। हालांकि, फिल्म का सिनेमाघरों में यह 41 वा दिन था। 17 दिसंबर को पुष्पा सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गणतंत्र दिवस के मौके पर पुष्पा ने डेढ़ करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कलेक्शन किया। जबकि इसका नेट कलेक्शन एक करोड़ रुपए रहा। अब इसके हिंदी वर्जन का नेट कलेक्शन 97 करोड़ हो चुका है। मतलब यदि 3 करोड़ की कमाई कर लेता है तो यह फिल्म हिंदी बेल्ट के 100 करोड़ की मूवी लिस्ट में दूसरे स्थान पर जगह बना लेगी।
बता दें कि अभी इस फिल्म की रिलीज का छठा हफ्ता है। कोविड-19 के चलते कोई नई फिल्म रिलीज नहीं हो पाने के कारण पुष्पा की धूम अभी भी बरकरार है। हालांकि जो भी सिनेमाघर खुले हैं, वह 50 फ़ीसदी क्षमता के साथ ही संचालित किए जा रहे हैं। पुष्पा ने पहले हफ्ते करीब 27 करोड़, दूसरे हफ्ते 20 करोड़, तीसरे हफ्ते 24.62 करोड़, चौथे हफ्ते 12.4 एक करोड़ और पांचवे हफ्ते 7.20 करोड़ इकट्ठा कर लिए। वहीं छठे हफ्ते में 6 दिनों का कलेक्शन तकरीबन 5.50 करोड़ तक पहुंच गया है।
उम्मीद की जा रही है कि जनवरी खत्म होने तक यह 100 करोड़ का पड़ाव पार कर सकती है। वहीं फरवरी में नई-नई फिल्में रिलीज होने को है और ऐसे में इसकी स्क्रीन कम हो जाएगी। पुष्पा हिंदी में अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम की जा चुकी है।