डेस्क : दिल्ली जामा मस्जिद के पुनर्निर्माण की तैयारियां जोरों पर हैं। इसके लिए व्यापक योजना चल रही है। इस काम के लिए नये कंसल्टेंट आर्किटेक्ट की नियुक्ति की गयी है। नई योजना का उद्देश्य मस्जिद के आसपास की चुनौतियों का समाधान करना और ऐतिहासिक क्षेत्र में सुधार करना है। आइए जानते हैं क्या है योजना और क्या बदलाव प्रस्तावित हैं।
जमा मस्जिद को लेकर ऐसी हैं तैयारियां
शाहजहानाबाद पुनर्विकास निगम (एसआरडीसी) ने 300 साल पुरानी जामा मस्जिद (Jama Masjid) और उसके आसपास के पुनर्निर्माण के लिए एक नए सलाहकार वास्तुकार की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। एसआरडीसी के निर्देश पर अब पीडब्ल्यूडी विभाग पुनर्विकास कार्य कराएगा।
प्रोजेक्ट को मिलेगी तेजी
इससे पहले 2018 में, तत्कालीन उपराज्यपाल अनिल बैजल ने निगम को, जो कि वाल्ड सिटी के पुनर्विकास पर नोडल एजेंसी है, परियोजना में तेजी लाने का निर्देश दिया था।
सबसे बड़ी समस्या
पुरानी दिल्ली इलाके में एक बड़ी समस्या बिजली के लटकते तार हैं। टेलीकॉम केबल, बिजली केबल और हाईटेंशन लाइनों को अंडरग्राउंड करने का काम पीडब्ल्यूडी करेगा। मौजूदा योजना के मुताबिक, मुख्य मस्जिद के आसपास के इलाके में शेख कलीमुल्लाह, उबरे शाह, जनरल शाह, नवाज खान की मजारों का जीर्णोद्धार कार्य PWD करेगा। साथ ही मीना बाजार का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा।