Visa Free Entry : अगर आप कहीं देश से बाहर घूमने का प्लान बना रहे है तो अब श्रीलंका, मलेशिया, थाईलैंड के बाद अब इंडोनेशिया भी भारतीय नागरिकों को वीजा फ्री एंट्री दे रहा है। इंडोनेशिया पर्यटन मंत्रालय की तरफ से एक बयान जारी किया गया है जिसके अनुसार 1 महीने के अंदर इस पर मोहर लग सकती है। भारतीय पर्यटकों को अपनी तरफ आकर्षित करने के लिए इंडोनेशिया ने यह फैसला किया है।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इंडोनेशिया के पर्यटन मंत्री सैंडियागा यूनो ने गुरुवार को कहा कि सरकार की तरफ से उन्हें निर्देश मिले हैं कि कुछ देश के नागरिकों को वीजा फ्री एंट्री दी जाए।इंडोनेशिया अपने पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बढ़ाना चाहता है इसलिए चीन, अमेरिका, भारत, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, ब्रिटेन और फ्रांस सहित 20 देशों के नागरिकों को वीजा फ्री एंट्री देने पर विचार कर रहा है।
पर्यटकों को लुभाने की कोशिश
इंडोनेशिया की सरकार के आंकड़ों के अनुसार कोरोना महामारी से पहले 2019 में 1,60,00,000 से ज्यादा विदेशी पर्यटक इंडोनेशिया घूमने आए थे। लेकिन इस साल जनवरी से लेकर अक्टूबर तक करीब एक करोड़ विदेशी पर्यटक इंडोनेशिया आए हैं। अगर इसकी तुलना पिछले साल की समान अवधि में की जाए तो विदेशी पर्यटकों की संख्या में 124% की बढ़ोतरी हुई है।
दुनिया के सबसे बड़े मुस्लिम देश इंडोनेशिया के लिए यह फैसला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल ही में मुस्लिम देश मलेशिया ने भी चीन और भारत के पर्यटकों को वीजा फ्री एंट्री की सौगात दी है। इससे पहले इंडोनेशिया ने सितंबर में विदेशी पर्यटकों और कॉर्पोरेट निवेशकों को लुभाने के लिए गोल्डन वीजा की घोषणा भी की थी।
थाईलैंड में भी वीजा फ्री एंट्री
हालांकि मलेशिया से पहले उसके पड़ोसी देश थाईलैंड में ने भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विदेशी पर्यटकों को वीजा फ्री एंट्री की घोषणा की थी। थाईलैंड की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में पर्यटन एक महत्वपूर्ण साधन है जो कोरोना के बाद काफी प्रभावित हुआ है। लेकिन पर्यटन सेक्टर को दोबारा जीवित करने के लिए थाईलैंड ने भारत और चीन सहित कई देशों के नागरिकों को वीजा फ्री एंट्री देना शुरू कर दिया है।
थाईलैंड ने वीजा फ्री एंट्री की घोषणा नवंबर की शुरुआत में की थी। भारतीय पर्यटक 10 नवंबर 2023 से लेकर 10 मई 2024 तक 30 दिनों के लिए वीजा फ्री एंट्री कर दिया है।