Begusarai News : खगड़िया जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। बहादुरपुर थाना कांड संख्या 34/2026 के तहत ग्राम निशिहारा, पोस्ट बखरी बाजार निवासी मुखिया देवानंद राय सहित छह नामजद लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार, 27 जून 2026 की रात करीब 10 बजे मुखिया देवानंद राय अपने पांच सहयोगियों के साथ कथित रूप से अवैध हथियारों से लैस होकर विवादित जमीन पर पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से खेत की जुताई करने लगे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर जान से मारने की नीयत से गोलीबारी कर दी। प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई तथा उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर बहादुरपुर थाना में कांड संख्या 34/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित पक्ष ने सभी नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कानून के अनुरूप कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


