Bakhri News : प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय घाघरा में शनिवार को मासिक अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग के निर्देश पर आयोजित संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘स्वच्छता हमारी संस्कृति’ रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापक कौशल किशोर क्रान्ति ने की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल आदत नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कार का हिस्सा है। स्वच्छ विद्यालय से ही स्वच्छ समाज और स्वस्थ भविष्य की नींव रखी जा सकती है। बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करने में अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उनके सहयोग के बिना बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है।
संगोष्ठी में व्यक्तिगत स्वच्छता, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, ई-कचरे का निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण और विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कम उपस्थिति वाले बच्चों के अभिभावकों से उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की गई।
बैठक में पोशाक राशि, छात्रवृत्ति, साइकिल योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अभिभावकों को बैंक खाते और आधार संबंधी विवरण दुरुस्त रखने की सलाह भी दी गई। इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए घर में स्टडी कॉर्नर विकसित करने और प्रतिदिन कम से कम एक घंटा मोबाइल से दूर रहकर पढ़ाई करने का सुझाव दिया गया।
मौके पर शिक्षक सज्जन सदा, रत्नेश कुमार, सहदेव कुमार, मौला कुमारी, प्रतिमा कुमारी, संगीता कुमारी, अनिल कुमार एवं इंदु कुमारी सहित दर्जनों अभिभावक और स्थानीय शिक्षा प्रेमी उपस्थित थे। बैठक के अंत में अभिभावकों ने अपने सुझाव रखे और विद्यालय की पहल की सराहना की। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ समाज और स्वस्थ भविष्य के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

