मंझौल, बेगूसराय। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) उत्तर बेगूसराय जिला की बैठक सोमवार को आरसीएस कॉलेज, मंझौल में जिला संयोजक अनुभव आनंद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 9 जुलाई को अभाविप के स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर जिलेभर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर बिहार प्रांत की विशेष आमंत्रित सदस्य श्वेतनिशा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और छात्र सशक्तिकरण का मजबूत मंच है। उन्होंने कहा कि परिषद वर्षभर छात्रों के शैक्षणिक, सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाती रही है तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करती है।
विशेष आमंत्रित सदस्य अजीत चौधरी एवं जिला प्रमुख रविराज सिंह ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न महाविद्यालयों और नगर इकाइयों में संगोष्ठी, वृक्षारोपण, खेलकूद प्रतियोगिता, कला उत्सव, प्रतिभा संगम, शोभायात्रा एवं पुष्पांजलि जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
विभाग एसएफडी प्रमुख पूजा कुमारी, विभाग छात्रा प्रमुख सोनी एवं जिला छात्रा प्रमुख आयुषी कुमारी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन होने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन आने वाले दिनों में +2 विद्यालयों तक पहुंचकर नए छात्रों को जोड़ने का अभियान भी चलाएगा।
वरिष्ठ छात्र नेता कन्हैया कुमार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमित कुमार सिंह ‘गप्पू’ एवं रवि कुमार ने बताया कि स्थापना दिवस को सफल बनाने के लिए प्रत्येक इकाई में प्रवासी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई है। विभिन्न टोली बैठकों के माध्यम से कार्यक्रमों की तैयारी अंतिम चरण में है ताकि स्थापना दिवस को महोत्सव के रूप में मनाया जा सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस माह के अंत तक सभी इकाइयों का पुनर्गठन किया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण के लिए जिला अभ्यास वर्ग आयोजित होगा। श्रावणी मेले के दौरान कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए सेवा शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 15 अगस्त को “एक गाँव-एक तिरंगा” अभियान एवं तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में ‘मिशन साहसी’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
प्रांत सोशल मीडिया सहसंयोजक मनीष कुमार, नावकोठी नगर मंत्री कन्हैया झा, सोनू कश्यप, गुलशन, अर्जुन शर्मा, आकाश पासवान एवं अमन ने बताया कि 9 जुलाई से सप्ताहभर तक विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
बैठक में अमित कुमार सिंह गप्पू, रविराज सिंह, अजीत चौधरी, कन्हैया कुमार, सोनू कश्यप, अविनाश कुमार, श्यामजी, प्रियांशु कुमार, अर्जुन शर्मा, दीपक, कन्हैया झा, पूजा कुमारी, आयुषी कुमारी, सोनी, श्वेतनिशा, मीनाक्षी रक्षा, शालिनी राज, शिवानी, सगुन भारती सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


