बेगूसराय। वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के मामले में बेगूसराय जिला पूरे बिहार में शीर्ष स्थान पर है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और बैंक खातों के री-केवाईसी सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों में जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
शुक्रवार को जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान की समीक्षा को लेकर जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DCC) की विशेष बैठक हुई। बैठक में जिले के सभी बैंकों के जिला समन्वयक और प्रखंड विकास पदाधिकारी शामिल हुए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले की 217 ग्राम पंचायतों में से अब तक 81 पंचायतों में शिविर लगाए जा चुके हैं। इन शिविरों के माध्यम से कुल 18,173 लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया है। इनमें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 9,306, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 7,254 और अटल पेंशन योजना के 1,613 लाभार्थी शामिल हैं।
इसके अलावा 13,457 बैंक खातों का री-केवाईसी किया गया है, जबकि 4,066 जन-धन खाते नए खोले गए या दोबारा सक्रिय किए गए हैं।
बैंकों के प्रदर्शन में यूको बैंक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में सर्वाधिक नामांकन और री-केवाईसी करने के मामले में आगे रहा। वहीं, बिहार ग्रामीण बैंक और भारतीय स्टेट बैंक ने सबसे अधिक शिविर आयोजित किए।
डीएम रिची पांडेय ने शेष 136 ग्राम पंचायतों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बैंकों और प्रखंड अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान में तेजी लाने को कहा। साथ ही पीएम-किसान लाभार्थियों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) आवेदनों को जल्द स्वीकृत करने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को समय पर ऋण सुविधा मिल सके।
डीएम ने कहा कि अभियान के निर्धारित समय के भीतर सभी लक्ष्यों को पूरा कर बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

