बेगूसराय। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अक्टूबर 2026 में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 8 मामले दर्ज किए गए और 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। कार्रवाई में 8 किलो 656 ग्राम गांजा, 291.38 ग्राम स्मैक, 177.44 ग्राम हेरोइन और 7 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया।
शुक्रवार को जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र (NCORD) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसपी मनीष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने, तस्करी की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने और युवाओं को नशे से बचाने के उपायों पर चर्चा की गई।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी सूचनाओं को संबंधित विभागों के साथ तत्काल साझा किया जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। उन्होंने अफीम और गांजे की अवैध खेती की आशंका वाले क्षेत्रों की पहचान कर ऐसी खेती को नष्ट करने का निर्देश दिया। साथ ही किसानों को वैकल्पिक फसलों और सरकारी आजीविका योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों तथा NDPS एक्ट के कानूनी प्रावधानों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया। इसके अलावा बड़े और अंतरराज्यीय तस्करी के मामलों की नियमित समीक्षा, लंबित मामलों में समयबद्ध अनुसंधान और गवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने चिन्हित ड्रग पैडलर्स और तस्करों का डेटाबेस तैयार कर विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा करने तथा मादक पदार्थों की पहचान के लिए आधुनिक जांच उपकरण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। वहीं, नशामुक्त भारत हेल्पलाइन नंबर 14446 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।
इसके अलावा बेगूसराय एसडीओ को रेलवे स्टेशन के आसपास नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। बैठक में नशे की लत से प्रभावित लोगों के पुनर्वास और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने पर जोर दिया गया।

