बेगूसराय। आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को बेगूसराय समाहरणालय में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने जनता दरबार लगाया। इस दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं डीएम के सामने रखीं। जनता दरबार में कुल 26 आवेदन प्राप्त हुए।
प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, जमीन के परिमार्जन, रास्ते से जुड़े विवाद, अतिक्रमण, आधार कार्ड बनवाने एवं उसमें संशोधन तथा थाना से संबंधित मामले शामिल रहे। इसके अलावा लोगों ने व्यक्तिगत और सार्वजनिक हित से जुड़ी समस्याएं भी रखीं।
डीएम ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। जिन मामलों में स्थल जांच की जरूरत है, वहां वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
इस दौरान द्वितीय अपील से जुड़े मामलों की भी सुनवाई हुई। संबंधित विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित होकर मामलों की अद्यतन स्थिति से डीएम को अवगत कराया।
गौरतलब है कि आम नागरिकों की समस्याएं सीधे सुनने और उनके समाधान के लिए बेगूसराय जिला प्रशासन प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित करता है।

