Begusarai News : मंझौल में आयोजित जन्माष्टमी उत्सव मेला बेगूसराय जिले में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि इस जन्माष्टमी मेले का शुभारंभ चार-चार मंत्रियों ने साथ मिलकर किया है। मंझौल के सत्यारा चौक पर आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ राजभूषण चौधरी निषाद ने तो बेगूसराय के प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने एक साथ इस मेले का आगाज किया। जो आम लोगों के लिए जिज्ञासा का विषय बन गया है।
जन्माष्टमी मेले के उद्घाटन के मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय निवासी केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ राजभूषण चौधरी निषाद और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश कुशवाहा का खुद मिथिला का पाग देकर सम्मानित किया।
डॉ राजभूषण चौधरी निषाद बेगूसराय जिले के नौलागढ़ के निवासी हैं और मुजफ्फरपुर के सांसद हैं।
दीपक प्रकाश पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र हैं, इस नाते गिरिराज सिंह ने मेजबान की भूमिका निभाते हुए दोनों मंत्रियों का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता और संचालन करते हुए जयमंगला काबर फाउंडेशन के अध्यक्ष और भारत सरकार के पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य राजेश राज ने स्थानीय मछुआरों और किसानों की महत्वपूर्ण काबर समस्या के निदान के लिए दोनों केंद्रीय मंत्रियों से प्रधानमंत्री से मुलाकात कर इस मामले का निष्पादन करने की अपील की।
अपने संबोधन में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कार्यक्रम के शानदार आयोजन के लिए जय मंगला काबर फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश राज की जोरदार प्रशंसा करते हुए कहा कि वह हमेशा अपने गांव मंझौल और बेगूसराय के लिए सक्रिय रहते हैं।
वहीं केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ राजभूषण चौधरी निषाद ने काबर समस्या के निदान के लिए पहल करने की बात कही है।
बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री और बेगूसराय के प्रभारी मंत्री जन्माष्टमी मेला उत्सव के मुख्य अतिथि रामकृपाल यादव ने बाढ़ राहत के लिए मुख्यमंत्री के प्रयास की जोरदार सरहाना की।
इस मौके पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश कुशवाहा ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब कभी इस क्षेत्र को मेरी जरूरत होगी, मैं उपलब्ध रहूंगा। उद्घाटन समारोह के मौके पर सतियारा चौक पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ की पड़ी, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंझौल के एसडीओ अमित कुमार सिंह और डीसीएलआर भास्कर समेत पुलिस के जवानों ने बेहतर प्रयास किया।
इस मौके पर भागवत कथा का आयोजन भी किया गया है, साथ ही रासलीला के मंचन से मंझौल सत्ययारा चौक का प्रांगण मथुरा और वृंदावन में तब्दील हो गया है। रासलीला में अनेक तरह की झांकियां प्रस्तुत की जा रही है, जो आम लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहा है।
गौरतलब है कि मंझौल में श्री कृष्ण पूजा समिति के द्वारा तकरीबन 15 साल से मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें उमेश भगत ,सुभाष पासवान दिवाकर पासवान, ओम प्रकाश राम ,अमित आनंद, संजीव राम, अमन ईश्वर, अविनाश गुप्ता, निरंजन निरंकारी, दिवाकर भारती समेत अनेक युवाओं की भागीदारी हमेशा दिखती है।


