Begusarai News : आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत बेगूसराय जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। जिले को 5 लाख से अधिक आबादी वाले जिलों की श्रेणी में ‘Best Performing Model District’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) के 8 वर्ष और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के 5 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) की ओर से आयोजित ‘आरोग्य मंथन 2026’ कार्यक्रम में दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हुआ।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा ने यह पुरस्कार बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव सह बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति (BSSS) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा, IAS को प्रदान किया।
डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ने पर जोर
बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के नेतृत्व में राज्य में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के विभिन्न घटकों को लागू करने और उसका विस्तार करने का काम किया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों को डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ने के साथ नागरिकों के लिए डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को आसान और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
बेगूसराय को मिला यह सम्मान जिला प्रशासन, जिला ABDM टीम, स्वास्थ्य संस्थानों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य संबंधित हितधारकों के समन्वित प्रयासों का परिणाम बताया गया है।
बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति की ओर से इस उपलब्धि पर बेगूसराय जिला प्रशासन, जिला ABDM टीम, स्वास्थ्य संस्थानों, स्वास्थ्यकर्मियों और सभी संबंधित हितधारकों को बधाई दी गई है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह सम्मान जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उन्हें जमीनी स्तर तक पहुंचाने के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलने को दर्शाता है।

