Begusarai News : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में पारदर्शिता, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर सोमवार को बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला परिषद मार्केट स्थित श्रीबाबू की प्रतिमा से आक्रोश मार्च निकाला, जो कचहरी रोड होते हुए हड़ताली चौक स्थित समाहरणालय गेट तक पहुंचा। बाद में जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची में पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार को सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस दौरान श्रीबाबू और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया गया।
कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में SIR की स्वतंत्र न्यायिक जांच, पुनरीक्षण के दौरान हटाए गए मतदाताओं के नामों का पुनः सत्यापन, मतदाता सूची और वोटर डेटाबेस की स्वतंत्र जांच तथा निर्वाचन आयोग की आईटी व्यवस्था के तकनीकी ऑडिट की मांग की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयुक्तों के बीच कुछ निर्णयों और प्रक्रियाओं को लेकर आपत्तियां सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों से जुड़े रिकॉर्ड, फाइल और निर्णय प्रक्रिया को जांच के दायरे में लाकर तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव रद्द कर दोबारा कराने की भी मांग रखी।
शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि वोट किसी राजनीतिक दल या नेता की जागीर नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटना उसके मताधिकार पर सीधा आघात है। SIR और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों का जवाब स्वतंत्र जांच, दस्तावेज और पारदर्शिता के माध्यम से दिया जाना चाहिए।
संगठन महासचिव हारून रशीद खान ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने SIR से जुड़े रिकॉर्ड, मतदाता डेटाबेस, Form-6 में हुए बदलाव, नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया तथा निर्वाचन संबंधी आईटी प्रणालियों की स्वतंत्र जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में कानून के उल्लंघन या पद के दुरुपयोग की पुष्टि होने पर संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे के साथ उनके कार्यकाल में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा, आरोपों की जांच और जांच प्रक्रिया को राजनीतिक एवं प्रशासनिक प्रभाव से मुक्त रखने के लिए न्यायिक निगरानी की मांग भी की गई। कांग्रेस ने बेगूसराय में विशेष SIR शिकायत प्रकोष्ठ गठित करने की मांग करते हुए मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की बात कही।
प्रदर्शन में विधान पार्षद राजीव कुमार, रामविलास सिंह, रामानंद सिंह, नारायण सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, सुबोध सिंह, राम स्वार्थ साह, अधिवक्ता आलोक कुमार, कृष्ण कुमार राय, राकेश सिंह, राजेश सिंह, रामबाबू तांती, अताउर रहमान, निशा शर्मा, संजीव कुमार, अशोक कुमार सिंह, ब्रजेश कुमार प्रिंस, इन्द्रदेव राय, मो. युनीश, बालेश्वर महतो, राहुल कुमार, रामाशीष सहनी, रामपुकार महतो, मो. आजाद, श्यामनंदन महतो, आमोद सिंह, नाज हसन, विनोद महतो, डॉ. रामसागर सिंह, अधिवक्ता राजदेव पासवान, बद्री सिंह, श्रीराम सिंह और सतीश कुमार वीरू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

