Begusarai News : सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की ओर से साहेबपुर कमाल अंचल के विभिन्न गांवों में पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा पार्टी के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई। पदयात्रा का नेतृत्व भाकपा की राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं पूर्व मुखिया ललिता कुमारी ने किया।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, युवाओं का पलायन, शिक्षा, रोजगार, किसान-मजदूरों की समस्याएं, भ्रष्टाचार तथा सरकारी योजनाओं में रिश्वतखोरी जैसे मुद्दे उठाए गए।
पंचवीर चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए ललिता कुमारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। उन्होंने बिहार की डबल इंजन सरकार पर भी महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय से लेकर राज्य सचिवालय तक भ्रष्टाचार की शिकायतें हैं। सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है, जिसके कारण गरीबों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में बिहार के युवा दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं। राज्य में शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ठोस पहल कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से सरकार की नीतियों के खिलाफ जनगोलबंदी कर संघर्ष तेज करने की अपील की। साथ ही, एक सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘बदलाव जरूरी है’ रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
भाकपा जिला परिषद सदस्य रामकुमार सिंह ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आम लोगों को अपने जायज काम के लिए भी बार-बार चक्कर लगाना पड़ता है। दाखिल-खारिज समेत जमीन से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब और भ्रष्टाचार से लोग परेशान हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाया।
अंचल परिषद सदस्य गणेश चौधरी ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलना चाहिए। खाद, बीज और सिंचाई की सुविधा समय पर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। खेती की बढ़ती लागत और फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
भाकपा नेताओं ने बताया कि छह से 15 अगस्त तक गांव-गांव पदयात्रा के माध्यम से लोगों के सवालों को उठाते हुए जनसंघर्ष को मजबूत किया जा रहा है। कार्यक्रम में अंचल परिषद सदस्य भावेश कुमार, राधा देवी, लालपरी देवी, सीमा देवी, तारा देवी, मंजुला देवी, ममता देवी, संजुला देवी और सीता देवी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।


