डेस्क : विश्वविद्यालय परिसर स्थित जुबली हॉल में बीएसयूएससी, पटना से अनुशंसित सहायक प्रोफेसर (संविदा आधार) पद के अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग-कम-ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छह विषयों के कुल 356 अभ्यर्थियों का सत्यापन निर्धारित था। इनमें 323 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 33 अनुपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी कुलसचिव सह डीएसडब्ल्यू प्रो. अशोक कुमार मेहता ने की। उन्होंने अभ्यर्थियों को उनके भावी दायित्वों, कार्यप्रणाली और विश्वविद्यालय की अपेक्षाओं से अवगत कराया। आईक्यूएसी निदेशक डॉ. जिया हैदर, डीआर-2 डॉ. कुमार मनीष, पेंशन पदाधिकारी डॉ. अताउर रहमान और प्रेस प्रभारी डॉ. दिवेश कुमार शर्मा उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. प्रियंका राय ने किया।
कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने दस्तावेज सत्यापन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षकों की नियुक्ति की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया।
प्रभारी कुलसचिव प्रो. अशोक कुमार मेहता ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और अभ्यर्थी हितैषी तरीके से पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आईक्यूएसी निदेशक डॉ. जिया हैदर ने कहा कि नव-नियुक्त शिक्षक विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विषयवार उपस्थिति : अर्थशास्त्र में 58 में 52, अंग्रेजी में 58 में 51, हिन्दी में 60 में 56, इतिहास में 60 में 58, राजनीति विज्ञान में 60 में 53 और समाजशास्त्र में 60 में 53 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
हिन्दी विषय के अभ्यर्थी प्रियांशु कुमार ने अभ्यर्थियों की ओर से विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए व्यवस्था की सराहना की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।


