Bihar News : पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा, जबकि मुख्यमंत्री हाथ जोड़कर खड़े नजर आए। दोनों नेताओं की यह तस्वीर सामने आने के बाद बिहार की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नीतीश कुमार के दिल्ली से लौटने के बाद हुई यह मुलाकात करीब आधे घंटे तक चली। बैठक में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। मुलाकात को बिहार के मौजूदा राजनीतिक और प्रशासनिक परिदृश्य के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को पिछले एक सप्ताह के दौरान सरकार की ओर से लिए गए प्रमुख प्रशासनिक और विकास संबंधी फैसलों की जानकारी दी। साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था और सरकारी कामकाज की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों और सरकार की ओर से की जाने वाली संभावित घोषणाओं को लेकर भी चर्चा होने की बात सामने आई है। इसके अलावा भोजपुर के बिलौटी गांव में कथित एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता देने के फैसले से जुड़े अपडेट भी साझा किए गए।
नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी की इस मुलाकात को बिहार की आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पटना से संवाददाता हिमांशु सिन्हा की रिपोर्ट।


