Begusarai News : बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ हथियार का भय दिखाकर दुष्कर्म करने और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने नगर थाना में लिखित शिकायत देकर दो लोगों पर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए सूचित किया है।
ऋण वसूली के लिए निकली थी महिला
पीड़िता के आवेदन के अनुसार, 27 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे वह स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से ऋण की राशि की वसूली के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान रास्ते में उसका पड़ोसी विक्रम सहनी मिला। आरोप है कि विक्रम ने उसे बहाने से अपनी बाइक पर बैठाया और अलका सिनेमा के पास ले गया। वहां रोहित कुमार पहले से मौजूद था। दोनों उसे बातचीत के बहाने होटल ब्लू डायमंड ले गए।
चाकू दिखाकर दुष्कर्म का आरोप
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि होटल के कमरे में ले जाने के बाद दोनों ने दरवाजा बंद कर दिया और चाकू का भय दिखाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान उसका अश्लील वीडियो बनाया गया। बाद में वीडियो को सोशल मीडिया और कुछ व्हाट्सऐप ग्रुप में प्रसारित किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद 28 सितंबर की देर शाम नगर थाना में लिखित शिकायत दी गई।
प्राथमिकी दर्ज, मेडिकल जांच जारी
पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 451/26 दर्ज किया है। प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 127(2), 115(2), 74, 76, 64, 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(B), 66(D) और 67 लगाई गई है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को सूचना दी गई है।
वहीं, महिला पुलिस अधिकारी की निगरानी में पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल, बेगूसराय में कराया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

