Begusarai Hotel Blue Diamond Incident : बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जानलेवा हमले के आरोप में पुलिस ने एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए SP मनीष के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया है। पुलिस दूसरे नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद विक्रम कुमार सहनी (पिता- अरुण सहनी, लोहिया नगर) को गिरफ्तार किया गया है। अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि मामले के दोनों नामजद अभियुक्त रोहित कुमार और विक्रम कुमार सहनी आपस में साला-बहनोई हैं। दूसरे अभियुक्त रोहित कुमार (पिता- उपेन्द्र सहनी, दामोदरपुर वार्ड नंबर 04, थाना भगवानपुर) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
होटल से CCTV फुटेज और रजिस्टर जब्त
जांच के क्रम में पुलिस ने होटल ब्लू डायमंड से 27 सितंबर का CCTV फुटेज प्राप्त किया है। इसके अलावा होटल के रिसेप्शन से एंट्री रजिस्टर भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज में 27 सितंबर को सुबह करीब 7:01 बजे रोहित कुमार होटल के कमरा नंबर 203 में अकेले प्रवेश करते दिखाई देता है।
फुटेज के अनुसार, सुबह करीब 7:33 बजे महिला होटल में प्रवेश करती दिखाई देती है। दूसरी मंजिल पर पहुंचने के बाद रोहित कुमार सीढ़ी के पास उससे मिलता है और दोनों साथ में कमरा नंबर 203 की ओर जाते दिखाई देते हैं। दोपहर करीब 12:33 बजे दोनों को कमरे से निकलकर होटल से बाहर जाते हुए देखा गया है। पुलिस CCTV फुटेज और होटल के रजिस्टर समेत अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाकर मामले की पड़ताल कर रही है।
मेडिकल जांच और न्यायालय में बयान की प्रक्रिया
पुलिस के अनुसार, महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण सदर अस्पताल में कराया गया है। घटनास्थल का एफएसएल टीम ने भी निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए हैं। फिलहाल पीड़िता का न्यायालय में धारा 183 BNSS के तहत बयान दर्ज कराया जा रहा है। पुलिस ने यह भी बताया कि वीडियो वायरल करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कथित फर्जी व्हाट्सऐप नंबर को ब्लॉक कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान आगे बढ़ाया जा रहा है और विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

