Begusarai News : बेगूसराय में चल रही विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में समीक्षा बैठक की। बैठक में तकनीकी विभागों, नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम और सीएसआर मद से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया।
नवंबर तक पूरा होगा NH-31 एलिवेटेड फ्लाईओवर
बैठक में बेगूसराय शहर के NH-31 पर निर्माणाधीन चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर की प्रगति की समीक्षा की गई। लगभग 4.225 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण 255.99 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का 96.53 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है। डीएम ने शेष कार्यों को नवंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया।
वहीं, गंगा नदी पर औंटा-सिमरिया के बीच 1,161 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित छह लेन पुल और पहुंच पथ का निर्माण पूरा होने तथा रखरखाव कार्य जारी रहने की जानकारी दी गई। सिमरिया-खगड़िया चार लेन परियोजना के शेष सड़क एवं रेल ओवरब्रिज निर्माण में भी तेजी लाने को कहा गया।
बेगूसराय बाईपास के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण सहित दलसिंहसराय-कैदराबाद-मालती पथ, तेघड़ा-मुबारकपुर पथ, बखरी-बहादुरपुर बाईपास और वीर कुंवर सिंह चौक से माधुरी ढाला तक सड़क चौड़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। बाईपास निर्माण के लिए आवश्यक गैर-वन भूमि के हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
सिमरिया रिवरफ्रंट का 62% काम पूरा
सिमरिया घाट रिवरफ्रंट और कल्पवास मेला क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण की योजना में लगभग 62 प्रतिशत भौतिक प्रगति हुई है। डीएम ने सीढ़ी घाट, आधुनिक शौचालय परिसर, शॉप क्लस्टर, फन जोन, कैफेटेरिया और रिवरफ्रंट से जुड़े कार्यों को आगामी कल्पवास मेले को ध्यान में रखते हुए तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मेडिकल कॉलेज का निर्माण 63% पूरा
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा में असुरारी स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के निर्माण कार्य की प्रगति पर चर्चा हुई। लगभग 515 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस संस्थान का 63 प्रतिशत कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई। डीएम ने अस्पताल भवन, एकेडमिक ब्लॉक, छात्रावास और आवासीय परिसरों के निर्माण में तेजी लाने को कहा।
भर्रा स्थित राजकीय आयुर्वेद कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा भर्रा के नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संस्थानों में जलजमाव और पहुंच पथ की समस्या दूर करने तथा स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़ी लंबित प्रक्रियाओं का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया।
नगर निकायों की योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश
अमृत 2.0 के तहत बेगूसराय नगर निगम की जलापूर्ति योजना से संबंधित लंबित अनापत्ति प्रमाणपत्र और डिजाइन अनुमोदन के मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया। बेगूसराय नगर निगम के साथ बीहट, तेघड़ा, बखरी और बरौनी के शहरी क्षेत्रों में सड़क, नाला, पार्क और तालाब सौंदर्यीकरण की योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया।
ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। भूमि विवाद के कारण बाधित निर्माण कार्यों के समाधान के लिए संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को अंचलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
बिजली, शिक्षा और औद्योगिक योजनाओं की भी समीक्षा
ऊर्जा विभाग की समीक्षा में आरडीएसएस योजना के तहत 11 केवी फीडर सेग्रीगेशन, केबलिंग, कृषि विद्युत कनेक्शन और स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने की प्रगति की जानकारी ली गई। सुजानपुर, नीमा चांदपुरा, जीडी कॉलेज, कमरुद्दीनपुर और रचियाही सहित विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण तथा भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने और रूफटॉप सोलर पैनल लगाने में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया।
औद्योगिक विकास केंद्र में प्लग एंड प्ले बहुमंजिला भवन के निर्माण और लगभग 22.30 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे कामकाजी महिला छात्रावास की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने लंबित फिनिशिंग कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने को कहा। लघु सिंचाई विभाग को जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत जलस्रोतों के जीर्णोद्धार, कैथ कोला झील के शेष कार्यों और बंद पड़े राजकीय नलकूपों की मरम्मत को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में बखरी, तेघड़ा और शाम्हो अकहा के डिग्री कॉलेजों तथा शिक्षा भवन के निर्माण, फिनिशिंग और हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया। विद्यालयों में अतिरिक्त वर्ग कक्ष और बालिका शौचालयों के निर्माण के लिए भूमि की समस्या दूर करने का भी निर्देश दिया गया।
लापरवाही पर संवेदकों के खिलाफ होगी कार्रवाई
बैठक में थाना भवनों के निर्माण के लिए भूमि उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। डीएम ने छौड़ाही थाना की जमीन के सीमांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, साइबर थाना के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने और गढ़हरा थाना के लिए भूमि संबंधी प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
डीएम रिची पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्यपालक अभियंताओं को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने और निर्माण सामग्री सहित तकनीकी मानकों की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं करने या लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के विरुद्ध एकरारनामा रद्द करने, सुरक्षा राशि जब्त करने और नियमानुसार काली सूची में डालने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला योजना पदाधिकारी, भू-अर्जन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से भूमि विवाद, भू-अर्जन, वन अनापत्ति, बिजली के पोल स्थानांतरण और पीएचईडी पाइपलाइन से जुड़ी बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

