Begusarai News : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बेगूसराय जिला प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक तैयारी की है। डीएम रिची पांडेय और एसपी मनीष ने संयुक्त आदेश जारी कर जिले के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों, प्रमुख पूजा पंडालों, चौक-चौराहों और प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती की है। महिलाओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए महिला पुलिस बल भी तैनात रहेगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल और दंगा निरोधी दस्ता अलर्ट पर रहेंगे।
पूजा पंडालों से विसर्जन तक कड़ी निगरानी
17 अक्टूबर को सप्तमी के दिन पूजा पंडालों के पट खुलेंगे। 18 अक्टूबर को महाअष्टमी, 19 अक्टूबर को महानवमी और 20 अक्टूबर को विजयादशमी मनाई जाएगी। इसके बाद प्रतिमा विसर्जन जुलूस निकाले जाएंगे। प्रशासन ने विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। जुलूस केवल पारंपरिक और निर्धारित मार्गों से ही निकाले जा सकेंगे। निर्धारित समय और मार्ग का पालन करना अनिवार्य होगा।
जुलूस और अखाड़ों में घातक हथियारों, आग्नेयास्त्रों और प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रदर्शन पर रोक रहेगी। पूजा समितियों को पंडाल लगाने और विसर्जन जुलूस निकालने के लिए सक्षम प्राधिकार से अनुमति लेनी होगी। विवादित स्थलों पर पंडाल निर्माण और पूजा की अनुमति नहीं दी जाएगी। पूजा के नाम पर जबरन चंदा वसूली करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों की खैर नहीं
दुर्गा पूजा के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट, अफवाह और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री फैलाने वालों पर साइबर पेट्रोलिंग के जरिए नजर रखी जाएगी। ऐसे मामलों में आईटी अधिनियम समेत अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और उसे आगे साझा करने से बचें।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, लॉज और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। अंतरजिला सीमाओं पर चेकपोस्ट के माध्यम से जांच होगी। अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया है।
पंडालों में सीसीटीवी, अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पूजा समितियों को पंडालों में अग्निरोधी सामग्री, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था, आकस्मिक निकास द्वार, हेल्प डेस्क और पर्याप्त स्वयंसेवकों की व्यवस्था करनी होगी। प्रमुख और संवेदनशील पंडालों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल होगा।
लाउडस्पीकर बजाने के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी। सामान्य परिस्थितियों में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति रहेगी। अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और न्यायालयों के आसपास निर्धारित साइलेंस जोन में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। अश्लील और भड़काऊ गीतों के प्रसारण तथा नियमों के विरुद्ध डीजे बजाने पर भी कार्रवाई की जाएगी।
विसर्जन घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती
प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रमुख घाटों पर बैरिकेडिंग, रोशनी और गोताखोरों की व्यवस्था की जाएगी। जरूरत के अनुसार एसडीआरएफ की तैनाती भी होगी। नदियों में निजी नावों के अनियंत्रित परिचालन पर रोक रहेगी। शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए विशेष यातायात प्रबंधन किया जाएगा। इसमें महिला पुलिस, मेरा युवा भारत और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाएगा।
अस्पतालों और अग्निशमन विभाग को अलर्ट रहने का निर्देश
पर्व के दौरान स्वास्थ्य, अग्निशमन, बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रमुख पूजा स्थलों और विसर्जन घाटों पर चिकित्सक दल, दवाइयां और एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाएगी।
गांधी स्टेडियम में जिला नियंत्रण कक्ष के सामने दो अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे। वहीं, तेघड़ा, बलिया, मंझौल और बखरी अनुमंडल कार्यालय परिसरों में दो-दो अग्निशमन दल तैनात किए जाएंगे। रावण दहन स्थलों पर भी विशेष अग्निशमन व्यवस्था रहेगी। पूजा क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति, खराब और ढीले तारों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
24 घंटे चालू रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष
दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन के ऊपरी तल पर जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यह 17 अक्टूबर से प्रतिमा विसर्जन समाप्त होने तक तीन पालियों में चौबीसों घंटे काम करेगा।
- जिला नियंत्रण कक्ष: 06243-222835
- पुलिस नियंत्रण कक्ष: 06243-230519
जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजीव रोशन को दी गई है। जिला स्तरीय विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) निखिल कुमार संभालेंगे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों, पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की है। किसी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या अवांछित गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या जिला नियंत्रण कक्ष को देने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति और विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

