Begusarai News : बेगूसराय के युवा समाजसेवी निखिल राज ने पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर बिहार के CM सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान निखिल ने उन्हें नए कार्यकाल के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं और बेगूसराय की ज्वलंत समस्याओं व विकास योजनाओं से संबंधित एक मांग पत्र सौंपा।
बेगूसराय को प्रमंडल और एयरपोर्ट की सौगात देने की मांग
मुलाकात के दौरान निखिल राज ने बेगूसराय को स्वतंत्र प्रमंडल बनाने की वर्षों पुरानी मांग को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही, उन्होंने जिले में एयरपोर्ट की सुविधा बहाल करने की पुरजोर वकालत की। यातायात की समस्या पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने एक दिलचस्प तुलना पेश की।
“आज दिल्ली से पटना की दूरी महज 1 घंटा 30 मिनट में तय हो जाती है, लेकिन पटना से बेगूसराय पहुँचने में 5 घंटे का समय लग जाता है। यदि बेगूसराय में एयरपोर्ट चालू होता है, तो यहाँ के लोग मात्र 3 घंटे में दिल्ली पहुँच सकेंगे और पूरे भारत के किसी भी कोने में 5-6 घंटे के भीतर आना-जाना संभव हो सकेगा।”
शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर जोर
हवाई सेवा के अलावा निखिल ने राष्ट्रकवि दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना की ओर भी सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि बेगूसराय औद्योगिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध है, ऐसे में यहाँ एक समर्पित विश्वविद्यालय की स्थापना युवाओं के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
सुशासन और विकास पर जताया भरोसा
निखिल राज ने CM के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान सरकार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा तय किए गए विकास के मार्ग को और गति प्रदान करेगी।


