Begusarai News : स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में बेगूसराय एक बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत बेगूसराय को बिहार का पहला डिजिटल हेल्थ मॉडल जिला बनाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है, जिससे मरीजों और डॉक्टरों दोनों को बेहतर सुविधा मिल सके।
पूर्व जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि मॉडल जिले के लिए पटना का भी चयन किया जा सकता था, लेकिन बेगूसराय पर अधिक भरोसा जताया गया क्योंकि यह जिला तेजी से डिजिटाइजेशन की दिशा में आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस पहल के लागू होने के बाद मरीजों की सहमति से उनकी जांच रिपोर्ट, इलाज का रिकॉर्ड, प्रिस्क्रिप्शन और मेडिकल हिस्ट्री ABDM पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। इससे किसी भी अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टर आसानी से मरीज के पुराने रिकॉर्ड देख सकेंगे और बेहतर उपचार देने में सुविधा होगी।
उन्होंने अपना एक निजी अनुभव भी साझा किया। अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि पढ़ाई के दौरान लखनऊ में इलाज कराते समय उनकी पुरानी मेडिकल रिपोर्ट्स दिल्ली में रह गई थीं। उस समय डॉक्टरों के पास उनके पिछले इलाज की पूरी जानकारी नहीं थी, जिससे इलाज में परेशानी हुई। उनका कहना था कि अगर उस समय ABDM जैसी डिजिटल व्यवस्था होती, तो डॉक्टर तुरंत उनका मेडिकल रिकॉर्ड देख सकते थे और ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।
कार्यक्रम के दौरान National Health Authority (NHA) के निदेशक पंकज अरोड़ा ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने बेगूसराय पर भरोसा जताते हुए कहा कि अगर बिहार में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का पहला सफल मॉडल जिला कोई बन सकता है, तो वह बेगूसराय है। उन्होंने इस पहल को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और स्वास्थ्यकर्मियों से समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया।
ABDM के लागू होने के बाद मरीजों को बार-बार अपनी मेडिकल फाइलें और पुरानी रिपोर्ट लेकर अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं होगी। डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड की सुविधा से डॉक्टर मरीज की मेडिकल हिस्ट्री देखकर अधिक सटीक और तेज इलाज कर सकेंगे। साथ ही अनावश्यक जांच की पुनरावृत्ति भी कम होने की उम्मीद है।
अगर यह पहल सफलतापूर्वक लागू होती है, तो बेगूसराय न केवल बिहार का पहला डिजिटल हेल्थ मॉडल जिला बनेगा, बल्कि पूरे राज्य में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक नई मिसाल भी स्थापित करेगा।


