Begusarai News : बेगूसराय के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बजरंग दल के जिला सह संयोजक साजन कुमार को अगवा कर लोहे की रॉड और पाइप से बेरहमी से पीटने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाके में हिंदू-मुस्लिम तनाव पैदा करने और दंगा भड़काने के उद्देश्य से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात हथियारबंद बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर The Begusarai से विशेष बातचीत करते हुए पीड़ित बजरंग दल नेता साजन कुमार ने अपनी आपबीती साझा की और कई चौंकाने वाले खुलासे किए।
“यह हमला अचानक नहीं हुआ, बल्कि मेरी सामाजिक छवि और बजरंग दल संगठन को बदनाम करने के उद्देश्य से इस पूरी घटना को पहले से प्लान (सुनियोजित) किया गया था। दुख की बात यह है कि घटना के बाद अब कुछ लोगों के द्वारा इस पूरे मामले पर लीपापोती करने की कोशिश भी की जा रही है। मैं प्रशासन से मांग करता हूं कि इस गहरी साजिश की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इस पूरी घटना और सोशल मीडिया पर मुझे लेकर फैलाई जा रही भ्रामक बातों से मैं मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका हूं।”- साजन कुमार (बजरंग दल के जिला सह संयोजक)
बंधक बनाकर पीटा, सोने की चेन और ₹12,000 लूटे
साहेबपुरकमाल थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मोगलसराय निवासी साजन कुमार को शनिवार (4 जुलाई) को पंचवीर बाजार के पूर्वी छोर (चौक) से जबरन उठा लिया गया। आरोपी बालमुकुन्द जलान, शशिकान्त जलान और मणिकान्त जलान ने दो अन्य नशे में धुत हथियारबंद अपराधी के साथ मिलकर उन्हें एक घर में बंधक बना लिया। वहां साजन पर चोरी और जालसाजी का झूठा आरोप लगाते हुए लोहे की रॉड और पाइप से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। मारपीट के दौरान लाल टी-शर्ट पहने एक हथियारबंद बदमाश ने उनके गले से सोने की चकती (लॉकेट) और जेब में रखे ₹12,000 नगद भी लूट लिए।
साजन कुमार पर हुए जानलेवा हमले का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सामने आया है। इस वायरल वीडियो ने पूरी घटना की बर्बरता और सुनियोजित साजिश की पोल खोल कर रख दी है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पीड़ित साजन कुमार लहूलुहान हालत में हमलावरों के आगे चीख-चीख कर अपनी जान की भीख मांग रहे हैं, पैर पकड़कर रो रहे हैं, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा। उलटे, वीडियो में आरोपी यह कहते सुने जा रहे हैं- “इसको गाछी (बगीचे) में लेकर चलो।”
वीडियो बनाकर दूसरे समुदाय के युवक को भेजा, सोशल मीडिया पर फैलाया गया भ्रम
साजिश का सबसे खतरनाक पहलू तब सामने आया जब मारपीट के दौरान एक वीडियो क्लिप तैयार किया गया। साजन कुमार का आरोप है कि इलाके का माहौल बिगाड़ने और सांप्रदायिक रंग देने के लिए इस वीडियो को जानबूझकर दूसरे समुदाय के वाहिद हुसैन (जो पंचवीर बाजार में रेडीमेड कपड़े की दुकान चलाता है) को भेजा गया। इसके बाद सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर इस वीडियो को अलग-अलग भ्रामक एंगल और अफवाहों के साथ वायरल करने की कोशिश की गई, ताकि क्षेत्र की शांति भंग की जा सके।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज
मामला बजरंग दल के जिला पदाधिकारी से जुड़ा होने और सांप्रदायिक एंगल सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। साहेबपुरकमाल थाने में थाना कांड संख्या 178/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष राजीव रंजन के निर्देश पर इस मामले का अनुसंधान अधिकारी सहायक उप-निरीक्षक चंदन कुमार झा को बनाया गया है।
घटना के 4 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, उठ रहे सवाल?
मामले की संवेदनशीलता, बजरंग दल जैसे बड़े संगठन और सांप्रदायिक तनाव भड़काने की इतनी बड़ी साजिश के बावजूद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक पूरी तरह खाली हैं और नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।


