Begusarai News : बिहार में जहाँ एक ओर सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लाख दावे कर रही है और स्कूलों में अनुशासन का पाठ पढ़ाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ गुरुजी इस पेशे की गरिमा को तार-तार करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। ताजा मामला जिले के साहेबपुरकमाल प्रखंड से सामने आया है, जिसने शिक्षा जगत को शर्मसार कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर आर्केस्ट्रा की नर्तकी के साथ ठुमके लगा रहा है और नोट उड़ा रहा है। इस व्यक्ति की पहचान साहेबपुरकमाल प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नया जाफर नगर के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार के रूप में हुई है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हेडमास्टर साहब को न तो अपने पद की मर्यादा का ख्याल है और न ही कानून का डर।
शिक्षा व्यवस्था चौपट और गुरुजी मस्त
एक तरफ राज्य के छात्र बेहतर भविष्य के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ स्कूल की बागडोर संभालने वाले प्रधानाध्यापक इस तरह के अनैतिक कार्यों में संलिप्त पाए जा रहे हैं। इधर, क्षेत्र के लोगों में इस वीडियो को लेकर काफी आक्रोश है और वे प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त से सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग इस मस्त हेडमास्टर पर क्या एक्शन लेता है।


