Begusarai Road Accident News : पटना के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक संजय गुप्ता की गाड़ी मंगलवार की सुबह करीब 3:00 बेगूसराय के जीरो माइल थाना क्षेत्र में भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि विधायक की गाड़ी सड़क पर ही पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि विधायक, उनकी पत्नी और चालक की जान बाल-बाल बच गई।
ट्रक ने सामने से मारी जोरदार टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, विधायक संजय गुप्ता अपनी पत्नी के साथ बंगाल चुनाव के काम से लौट रहे थे। उन्हें पटना में आयोजित विधायक दल की बैठक में शामिल होना था। इसी दौरान जीरो माइल थाना क्षेत्र के समीप NH पर एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी गाड़ी को सामने से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।
ग्लोबल अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में विधायक संजय गुप्ता, उनकी पत्नी और ड्राइवर को हल्की चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और मौके पर पहुँचे भाजपा के वरिष्ठ नेता अमरेंद्र कुमार अमर ने घायलों को इलाज के लिए बेगूसराय के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सुरक्षित बताते हुए छुट्टी दे दी है।
विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिए पटना जाने के क्रम में यह हादसा हुआ। ईश्वर की कृपा और लोगों की दुआओं से हम सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।- संजय गुप्ता, भाजपा विधायक


