Begusarai News : बेगूसराय की राजनीति में एक बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज की सदस्यता लेने के मात्र 24 घंटे के भीतर अपना इरादा बदल लिया है। एक वीडियो जारी करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के साथ ही बने रहेंगे और पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में काम करेंगे।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही खबर आई थी कि बेगूसराय भाजपा के दो पूर्व जिलाध्यक्ष रामलखन सिंह और राजकिशोर सिंह जन सुराज में शामिल हो गए हैं। इस कदम से जिले के सियासी गलियारों में काफी हलचल मच गई थी।
हालांकि, सदस्यता लेने के अगले ही दिन राजकिशोर सिंह का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे भाजपा और संघ के प्रति अपनी गहरी निष्ठा जाहिर करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने कहा कि वे पिछले 40 वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक रहे हैं और 2020 में भाजपा के जिलाध्यक्ष भी बने।
संघ के निर्देशों का हवाला देते हुए राजकिशोर सिंह ने कहा ढेर सारे लोग हमारे पास आए थे, लेकिन संघ के वरिष्ठों और प्रचारकों द्वारा चुनाव न लड़ने के निर्देश के बाद मैंने निर्णय लिया है कि मैं चुनाव नहीं लड़ूँगा। उन्होंने आगे कहा कि वे जहां पैदा हुए हैं, वहीं उनकी निष्ठा रहेगी और वे भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के साथ मुस्तैदी से खड़े रहेंगे। 24 घंटे के भीतर हुए इस यू-टर्न से राजनीतिक हलकों में खासी चर्चा बनी हुई है।

