Begusarai News : राष्ट्र निर्माण में सामाजिक सेवा और स्वयंसेवा के जरिए योगदान देने वाले देशभर के 70 युवाओं के लिए जीईजी ग्लोबल फाउंडेशन और साझा प्रयास चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से विशेष संसदीय अध्ययन यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सौरव जायसवाल ने किया।
यात्रा का उद्देश्य युवाओं को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसद की कार्यप्रणाली और नीति निर्माण की प्रक्रिया से परिचित कराना था। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक वर्ष 2026 के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
प्रतिभागियों का चयन शिक्षा, पर्यावरण, सामाजिक सेवा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के आधार पर किया गया। चयन प्रक्रिया के तहत उन युवाओं को मौका दिया गया, जिन्होंने बिना किसी स्वार्थ के समाज और राष्ट्र के लिए काम किया है।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश हर योगदान मायने रखता है रहा। आयोजकों ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज का हर व्यक्ति अपने स्तर पर योगदान देकर देश के विकास में भूमिका निभा सकता है।
सौरव जायसवाल ने कहा कि देश की असली ताकत युवाओं में है। संसद भवन की यात्रा उनके सामाजिक योगदान का सम्मान है और इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को स्वयंसेवा के लिए प्रेरित करना है।
यात्रा के दौरान युवाओं ने संसद भवन परिसर का भ्रमण किया और देश के लोकतांत्रिक इतिहास तथा संसदीय व्यवस्था को करीब से समझा। प्रतिभागियों ने कहा कि यह अनुभव उन्हें समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

