Begusarai News : गर्मी के मौसम में जिलेवासियों को पेयजल की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खराब सरकारी चापाकलों की मरम्मत के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने समाहरणालय परिसर से सभी प्रखंडों के लिए चापाकल मरम्मत दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बेगूसराय और तेघड़ा के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे। प्रशासन के अनुसार अभियान के तहत दोनों प्रमंडलों के अधीन आने वाले सभी अकार्यरत सरकारी चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें चालू किया जाएगा, ताकि गर्मी के दौरान लोगों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
जिले में कुल 20,776 चापाकल चिह्नित किए गए हैं। मरम्मत कार्य के लिए गठित प्रत्येक दल में एक मिस्त्री और दो हेल्पर शामिल हैं, जो आवश्यक उपकरणों और सामग्रियों के साथ पंचायतों में भ्रमण कर खराब चापाकलों को ठीक करेंगे।
मरम्मत कार्य में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति बस्तियों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे चापाकलों को प्राथमिकता दी जाएगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक पंचायत में रोस्टर के अनुसार दो मरम्मत दल तैनात किए गए हैं। मरम्मत किए गए चापाकलों की जियो टैगिंग और फोटोग्राफ विभागीय पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में खराब सरकारी चापाकलों से संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए दोनों प्रमंडलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। नागरिक सुबह 10:30 बजे से शाम 6 बजे तक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
नियंत्रण कक्ष, बेगूसराय (फोन: 06243-358334) पर बेगूसराय, मटिहानी, साम्हो, बखरी, गढ़पुरा, नावकोठी, बलिया, साहेबपुर कमाल और डंडारी प्रखंडों के नागरिक संपर्क कर सकते हैं। वहीं नियंत्रण कक्ष, तेघड़ा (फोन: 06279-358847) पर बरौनी, बछवाड़ा, मंसूरचक, भगवानपुर, तेघड़ा, छौड़ाही, खोदावंदपुर, चेरिया बरियारपुर और बीरपुर प्रखंडों के लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जिन चापाकलों की मरम्मत संभव नहीं होगी, उन्हें विभागीय निर्देशानुसार उखाड़कर उनकी सूची कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। मरम्मत दल के पर्यवेक्षक प्रतिदिन किए गए कार्यों की रिपोर्ट नियंत्रण कक्ष को देंगे, ताकि कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके।


