Bullet Train in India : भारत की पहली बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलने वाली इस हाई स्पीड ट्रेन परियोजना की तैयारी आगे बढ़ रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बुलेट ट्रेन का निर्माण कार्य 15 अगस्त 2027 तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अलग अलग सेक्शन यात्रियों के लिए खोले जाएंगे।
रेल मंत्री के मुताबिक, सबसे पहले गुजरात में सूरत से बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके बाद वापी से सूरत, फिर वापी से अहमदाबाद सेक्शन खोले जाएंगे। अगले चरण में ठाणे से अहमदाबाद तक ट्रेन चलेगी। वहीं अंत में पूरा मुंबई से अहमदाबाद कॉरिडोर यात्रियों के लिए उपलब्ध होगा।
2 घंटे में तय होगी 508 किलोमीटर की दूरी
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है। इसके शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच की यात्रा महज 2 घंटे 17 मिनट में पूरी की जा सकेगी। बुलेट ट्रेन की अधिकतम रफ्तार करीब 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा बेहद आसान और तेज़ हो जाएगी।
2029 तक पूरे प्रोजेक्ट के तैयार होने की उम्मीद
हालांकि कुछ सेक्शन 2027 के बाद शुरू हो सकते हैं। लेकिन पूरी परियोजना के 2029 तक पूरी तरह तैयार होने की संभावना है। रेल मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि तय समयसीमा के अनुसार काम पूरा करने की कोशिश की जा रही है। गुजरात में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं महाराष्ट्र में प्रगति अपेक्ष के हिसाब से धीमी है।
बीकेसी में निर्माण कार्य पर अस्थायी रोक
इसी बीच मुंबई में बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर एक रुकावट भी सामने आई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने वायु प्रदूषण नियंत्रण नियमों के उल्लंघन के चलते बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित निर्माण कार्य पर अस्थायी रोक लगा दी है। निरीक्षण के दौरान धूल नियंत्रण और एयर क्वालिटी मैनेजमेंट में खामियां पाए जाने के बाद ठेकेदारों को नोटिस जारी कर काम रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

