Saturday, July 27, 2024
Bihar

Bihar में और बढ़ेगी ठंड : बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी, जानें- अपने क्षेत्र का हाल

Bihar Weather Update : देश के कई राज्यों में ठंड पड़नी शुरू हो गई है। ऐसे में गुरुवार से बिहार में ठंड बढ़ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की रिपोर्ट के मुताबिक, कई जिलों में सुबह से लेकर पूरे दिन तक घने कोहरे के साथ शीतलहर देखने को मिलेगी, जबकि दक्षिणी और उत्तरी हिस्से के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी। पटना आईएमडी की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।

जिन जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है उनमें औरंगाबाद, रोहतास, भभुआ, बक्सर, अरवल, भोजपुर, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, गोपालगंज और सारण शामिल हैं। हालांकि, इसका असर जहानाबाद, पटना के पश्चिमी हिस्से और गया जिले के पश्चिमी इलाकों में भी देखा जा सकता है।

आज धूप निकलने की कोई संभावना नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक, आज राज्य के किसी भी जिले में धूप निकलने की संभावना नहीं है। राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से अररिया, सुपौल, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा और मधेपुरा में घने कोहरे के साथ शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण पूर्व क्षेत्र के भागलपुर, मुंगेर और खगड़िया में घने कोहरे के साथ शीतलहर चलने का भी अनुमान है।

आपको बता दें कि पिछले बुधवार को भी एक-दो जिलों को छोड़कर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई थी। बुधवार को फारबिसगंज में सबसे अधिक तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री गिरावट के साथ 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान मोतिहारी और बांका में 6 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 जिलों में दर्ज रिकॉर्ड में से 22 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। पटना में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

Nitesh Kumar Jha

नितेश कुमार झा पिछले 2.5 साल से thebegusarai.in से बतौर Editor के रूप में जुड़े हैं। इन्हें भारतीय राजनीति समेत एंटरटेनमेंट और बिजनेस से जुड़ी खबरों को लिखने में काफी दिलचस्पी है। इससे पहले वह असम से प्रकाशित अखबार दैनिक पूर्वोदय समेत कई मीडिया संस्थानों में काम किया। उनके लेख प्रभात खबर, दैनिक पूर्वोदय, पूर्वांचल प्रहरी और जनसत्ता जैसे अखबारों में भी प्रकाशित हो चुके हैं। अभी नीतेश दिल्ली स्थित जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से MA मास मीडिया कर रहे हैं।