Begusarai News : सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज युवाओं के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। ताज़ा मामला राजेंद्र सेतु (सिमरिया पुल) का है, जहाँ रील बनाने के चक्कर में एक युवती चलती ट्रेन से सीधे गंगा नदी में जा गिरी। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद नाविकों और निर्माण कंपनी के कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, बेगूसराय के लोहियानगर थाना क्षेत्र के बाघी निवासी साक्षी कुमारी अपने भाई के साथ पटना से परीक्षा देकर ट्रेन से वापस घर लौट रही थी। जैसे ही ट्रेन राजेंद्र सेतु के पास पहुँची, साक्षी रील बनाने के लिए कोच के गेट पर जाकर खड़ी हो गई। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे गंगा नदी में गिर गई।
नदी में गिरते ही युवती को गंभीर चोटें आईं, लेकिन उसकी किस्मत अच्छी थी कि उस समय नदी में नाविक मछली पकड़ रहे थे। साथ ही, वहाँ एफ्कोन्स कंपनी द्वारा डबल ट्रैक रेल ब्रिज का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू शुरू किया और युवती को पानी से बाहर निकाला। एफ्कोन्स कंपनी की एंबुलेंस से घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया।
हाथीदह थाना अध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने स्वीकार किया है कि लड़की गेट पर रील बना रही थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जाँच कर रही है और लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान गेट पर खड़े होकर मोबाइल का उपयोग न करें।


