Begusarai Crime News : जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्रमपुर गांव के समीप बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के नौला गांव निवासी रंजीत सिंह के 27 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। सुजीत पेशे से वीडियोग्राफर था।
घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस जहां इसे सड़क हादसा मान रही है, वहीं परिजनों ने मोबाइल की बरामदगी और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई है।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों के अनुसार, सुजीत मंगलवार रात करीब 8:00 बजे अपनी बाइक से खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के ननिहाल मेघौल गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। बुधवार की सुबह परिजनों को सूचना मिली कि विक्रमपुर के पास सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई है। जब ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्हें वहां दुर्घटना का कोई निशान नहीं मिला। सुजीत का शव स्थानीय अस्पताल में रखा गया था, जहां उसके सिर के पिछले हिस्से में गहरे जख्म के निशान पाए गए।
हत्या की ओर इशारा करते साक्ष्य
ग्रामीणों के आक्रोश की मुख्य वजह घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर भरकाहा चौक के पास एक केले के बगीचे से सुजीत का मोबाइल फोन जमीन में गड़ा मिलना है। परिजनों का कहना है कि अगर यह सड़क हादसा होता, तो मोबाइल सड़क से इतनी दूर बगीचे में कैसे पहुंचा? ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सुजीत की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया।
अहले सुबह 3:00 बजे युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी, जिसे अस्पताल लाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है।- थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बसु
FSL की टीम ने की जांच
मामले की गंभीरता और लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए जिले के वरीय अधिकारी और डीएसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को भी बुलाया गया। अधिकारियों के काफी समझाने-बुझाने और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क हादसे का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।


