Begusarai News : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को गांधी स्टेडियम में सोलर मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन DM रिची पांडेय ने किया। इसमें विद्युत विभाग, विभिन्न बैंकों और सोलर प्लांट लगाने वाले वेंडरों ने स्टॉल लगाकर उपभोक्ताओं को योजना, सब्सिडी, सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया और ऋण सुविधा की जानकारी दी।
मेले में बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे और योजना से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान डीएम ने दो उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत स्वीकृत ऋण की राशि का चेक भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि घरों में सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली खर्च कम होगा और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और सोलर वेंडरों को सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अगले दो महीनों में अधिक से अधिक घरों में सोलर प्लांट स्थापित किए जाएं, ताकि दिसंबर तक जिले में 2500 सोलर अधिष्ठापन का लक्ष्य पूरा किया जा सके।
उन्होंने सोलर वेंडरों से घर-घर जाकर लोगों को योजना की सुविधाओं, सब्सिडी और सोलर प्लांट के फायदे की जानकारी देने की अपील की। वहीं, बैंक प्रतिनिधियों को ऋण लेने के इच्छुक उपभोक्ताओं को प्रक्रिया की सरल और स्पष्ट जानकारी देने तथा आवेदनों का सुगमतापूर्वक निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि योजना का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए विद्युत विभाग, बैंक और सोलर वेंडरों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

