Ruchi Singh : कहते हैं कि सफलता की कोई सीमा नहीं होती। इसे सच कर दिखाया है बेगूसराय के मटिहानी प्रखंड के महदरपुर गांव की निवासी पुलिस इंस्पेक्टर रामशंकर सिंह की पुत्री रुचि सिंह ने। रुचि सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 171वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। अब वह भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की अधिकारी बनकर देश की सेवा करेंगी।
रुचि सिंह के पिता रामशंकर सिंह वर्तमान में बांका जिले में पुलिस इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता निशा सिंह चेरिया बरियारपुर प्रखंड के कोरजना गांव की निवासी हैं। क्षेत्र में लोग गर्व से कह रहे हैं कि जिस पिता की वर्दी को देखकर बेटी बड़ी हुई, अब वही पिता अपनी अफसर बेटी को सैल्यूट करेंगे।
रुचि सिंह का बचपन अपने ननिहाल कोरजना (चेरिया बरियारपुर) में बीता। उनकी प्रारंभिक शिक्षा बेगूसराय के बीआर डीएवी स्कूल से हुई, जहां उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह दिल्ली चली गईं और वहां के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफेंस कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
रुचि सिंह की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके ननिहाल कोरजना गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। उनके नाना उमा कांत सिंह की नातिनी की सफलता से पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और कहा कि रुचि की यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि रुचि सिंह ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य तय हो और प्रयास निरंतर हो, तो सफलता जरूर मिलती है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है।


