Begusarai News : बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री प्लेटफार्म पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद आरपीएफ के जवान की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 15553 अप (भागलपुर–जयनगर एक्सप्रेस) शुक्रवार को सुबह 10:31 बजे बेगूसराय स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 पर पहुंची। निर्धारित समय पर 10: 34 बजे ट्रेन खुलने लगी। इसी दौरान एक व्यक्ति दौड़ते हुए ट्रेन के पास पहुंचा और चलती गाड़ी में चढ़ने की कोशिश करने लगा।
ट्रेन में चढ़ने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद आरपीएफ के उप-निरीक्षक संजय कुमार सहनी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्री को ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच जाने से बचा लिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
पूछताछ में यात्री ने अपना नाम अजित कुमार (44 वर्ष) पिता वीरेंद्र सिंह, ग्राम व थाना परशुरामपुर, जिला भागलपुर बताया। उसने बताया कि वह नवगछिया से समस्तीपुर जा रहा था। बेगूसराय स्टेशन पर वह स्टॉल से कुछ सामान खरीदने के लिए उतर गया था। इसी दौरान ट्रेन खुल गई और वह दौड़कर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगा, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म पर गिर पड़ा।
घटना में यात्री के माथे पर हल्की चोट लगी, जिससे थोड़ा खून भी निकला। आरपीएफ द्वारा वॉकी-टॉकी के माध्यम से ट्रेन को रुकवाया गया और यात्री को ट्रेन मैनेजर के गार्ड बोगी में बैठाकर आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया।
इस संबंध में आरपीएफ बेगूसराय के निरीक्षक सह पोस्ट कमांडर अरविंद कुमार सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।


