Begusarai News : बेगूसराय में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे होमगार्ड अभ्यर्थियों के आंदोलन का बड़ा असर देखने को मिला है। एक ओर जहाँ सांसद पप्पू यादव ने धरना स्थल पहुंचकर अभ्यर्थियों को अपना समर्थन दिया, वहीं दूसरी ओर बिहार गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर नई चयन प्रक्रिया का शेड्यूल घोषित कर दिया है ।
विभाग का बड़ा फैसला
सांसद पप्पू यादव के हस्तक्षेप और अभ्यर्थियों के कड़े रुख के बीच, महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा कार्यालय (बिहार गृह रक्षा वाहिनी) ने ज्ञापांक-1390 के जरिए जिला समादेष्टा, बेगूसराय को कड़े निर्देश जारी किए हैं
- नई चयन समिति का गठन : विज्ञापन संख्या-01/2025 के तहत स्वच्छ नामांकन के लिए जिला स्तर पर नई ‘जिला गृहरक्षक चयन समिति’ गठित करने का आदेश दिया गया है ।
- शारीरिक दक्षता परीक्षा : अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और चिकित्सकीय जाँच की प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से शुरू की जाएगी ।
- पारदर्शिता पर जोर : विभाग ने निर्देश दिया है कि इस संबंध में शीघ्र ही तिथियों का प्रकाशन कर अग्रतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ।
जाँच के घेरे में पुरानी प्रक्रिया
सांसद पप्पू यादव ने मांग की थी कि यदि पूर्व में चयन में कोई गड़बड़ी हुई है, तो उसकी जांच की जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो, लेकिन योग्य अभ्यर्थियों का हक न मारा जाए। विभाग ने भी अपने पत्र में गृह विभाग (विशेष शाखा) के निर्देशों का हवाला देते हुए ‘स्वच्छ नामांकन’ की बात कही है ।
इस सरकारी आदेश के बाद अभ्यर्थियों के बीच खुशी की लहर है। विभाग ने इस पत्र की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP), बेगूसराय को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि लंबे समय से अधर में लटकी यह बहाली प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी कर ली जाएगी।


