Begusarai News : बेगूसराय के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेगमसराय गांव में सोमवार रात एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रानी-2 पंचायत के वार्ड संख्या-4 निवासी लूटो देवी और उनके पुत्र श्रवण साहनी पर उनके ही देवर-देवरानी ने जानलेवा हमला कर दिया।
घटना उस वक्त हुई जब लूटो देवी आम बेचकर देर रात अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान उनके देवर जोगी साहनी और देवरानी सरिता देवी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मामला बढ़ने पर जोगी साहनी ने लोहे की रॉड से श्रवण साहनी के सिर पर हमला कर दिया। बेटा घायल होकर गिर पड़ा, तो मां लूटो देवी उसे बचाने दौड़ीं। तभी सरिता देवी ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा में भर्ती कराया गया है। लूटो देवी ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले भी उनके देवर ने उन्हें जबरन उठाकर सड़क पर पटक दिया था, जिससे वह घायल हो गई थीं। इस पूरे मामले को लेकर बछवाड़ा थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से मारपीट की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।