Begusarai News : बेगूसराय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अफेयर के विरोध और पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने अपने ही तीन साल के बेटे की जहर देकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने आत्महत्या के इरादे से खुद भी जहर खा लिया। घटना लाखो थाना क्षेत्र के सूजा शांति नगर की है।
मृतक बच्चे की पहचान देवराज कुमार (उम्र करीब 3 साल) के रूप में हुई है। आरोपी महिला उसकी मां आशा देवी (उम्र 21) है। घटना के बाद बच्चे की मौत हो गई, जबकि आशा देवी को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आशा का पति गोरेलाल दूसरे राज्य में रहकर मजदूरी करता है। वह बेगूसराय में अपने भैंसुर और जेठानी के साथ रहती थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आशा का बलिया निवासी राजाराम कुमार से प्रेम संबंध था और दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत और वीडियो कॉल होती थी। परिवार के लोगों को इसकी जानकारी होने पर उसे बार-बार रोका-टोका जाता था।
मंगलवार को जब आशा अपने प्रेमी से बात कर रही थी, उसी दौरान भैंसुर और जेठानी ने उसे पकड़ लिया। कथित तौर पर मारपीट के बाद इसकी सूचना पति को भी दी गई, जिससे घरेलू तनाव और बढ़ गया। इसी तनाव में आकर आशा ने घर में रखी चूहा मारने की दवा पहले अपने बेटे को खिला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद भी वही जहर खा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और मां-बेटे को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि प्रेम संबंध और मोबाइल उपयोग को लेकर विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल महिला पुलिस हिरासत में है और उसका इलाज चल रहा है। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

