Begusarai News : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि UGC कानून के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के काफिले के सामने काला झंडा दिखाया। कई यूजर्स इस वीडियो को इसी दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
हालांकि, जब इस वीडियो की पड़ताल की गई तो इसकी सच्चाई कुछ और ही निकली। दरअसल, वायरल वीडियो हाल का नहीं बल्कि करीब दो साल पुराना है और इसका UGC कानून के विरोध से कोई संबंध नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, 10 मार्च 2024 को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह जब एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, उसी दौरान कुछ लोगों ने उनका विरोध किया था। वह बछवाड़ा प्रखंड के लोहिया मैदान में आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी गांव के पास NH-28 पर कुछ लोगों ने हाथों में भाजपा का झंडा और काला झंडा लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध कर रहे लोगों ने ‘गिरिराज सिंह वापस जाओ’ और ‘गिरिराज सिंह मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए। बताया जाता है कि इस दौरान कुछ देर के लिए उनका काफिला रुक गया था, लेकिन केंद्रीय मंत्री गाड़ी से बाहर नहीं निकले। बाद में सुरक्षा कर्मियों ने रास्ता साफ कराया, जिसके बाद उनका काफिला कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नारेबाजी करते हुए यह भी कहा- ‘मोदी तुमसे बैर नहीं, गिरिराज तुम्हारी खैर नहीं।’ वहीं इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इसे राजनीतिक साजिश बताया था। उन्होंने मंच से कहा था कि ‘मेरा जितना विरोध करना है करो, लेकिन नरेंद्र मोदी का विरोध कर देश का नुकसान मत करो।’ साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में इस तरह के विरोध होते रहते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा वीडियो हालिया नहीं है और इसे UGC कानून के विरोध से जोड़कर शेयर करना भ्रामक है। यह घटना मार्च 2024 की है, जब कुछ लोगों ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के काफिले का विरोध किया था।


