Begusarai News : जिले के बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी बलिया इलाके में बुधवार की शाम एक भीषण हादसा हो गया। घर में खाना बनाने के दौरान अचानक रसोई गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल व्याप्त है।
धमाके से थर्राया इलाका
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम जब परिवार के सदस्य भोजन तैयार कर रहे थे, तभी अचानक गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। मौके पर पहुँचे स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और घर में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
घायलों की स्थिति नाजुक
इस अग्निकांड में झुलसने वालों में दो बच्चे, दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। घायलों की पहचान नंदनी कुमारी, वंदना कुमारी, अमन कुमार, रूपेश कुमार और खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां स्थिति गंभीर बनी हुई।
सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर घरेलू और छोटे कमर्शियल गैस सिलेंडरों के सुरक्षित रखरखाव और उपयोग पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। हादसा लीकेज की वजह से हुआ या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण अभी तक इसकी पृष्टि नहीं हुई है।


