Begusarai News : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के दावों के बीच बेगूसराय से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने कानून व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। होली से ठीक पहले वीरपुर थाना क्षेत्र के नौला चौक पर एक बाइक सवार तस्कर की लापरवाही ने बीच सड़क पर मदिरा कांड की स्थिति पैदा कर दी। तस्कर के बोरे से दर्जनों अंग्रेजी शराब की बोतलें सड़क पर क्या गिरीं, स्थानीय लोगों के बीच उसे लूटने की होड़ मच गई।
असंतुलित हुई बाइक और खुल गई पोल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक तेज रफ्तार बाइक पर पीछे बड़ा बोरा लादकर नौला चौक की ओर आ रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और बोरे का मुंह खुल गया। देखते ही देखते रॉयल स्टैग ब्रांड की दर्जनों बोतलें बीच सड़क पर बिखर गईं। मुख्य सड़क होने के कारण कई बोतलें वाहनों के पहियों के नीचे आकर चकनाचूर हो गई, लेकिन जो बोतलें साबुत बची थीं, उन्हें बटोरने के लिए राहगीरों और आसपास के लोगों में छीना-झपटी शुरू हो गई।
मोबाइल छोड़कर भागा तस्कर
सड़क पर हुए इस हंगामे और भारी भीड़ के कारण कुछ देर के लिए आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। खुद को घिरता देख और पुलिस के डर से तस्कर अपना मोबाइल फोन मौके पर ही छोड़कर बाइक सहित फरार होने में कामयाब रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मुख्य चौराहों पर पुलिस गश्त का दावा किया जाता है, तो तस्कर इतनी बेखौफ होकर शराब की खेप कैसे ले जा रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस, CCTV खंगालने की तैयारी
घटना की जानकारी मिलते ही नौला पुलिस पिकेट प्रभारी संजय कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर बिखरे कांच के टुकड़ों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल और कुछ बची हुई बोतलों को जब्त कर लिया है।
क्या कहते हैं अधिकारी?
“मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे CCTV में कैद हो गई है। जब्त मोबाइल फोन और फुटेज के आधार पर तस्कर की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”- रविंद्र कुमार, थानाध्यक्ष, वीरपुर


