Begusarai Civil Court : बेगूसराय सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। रविवार देर रात 12:42 बजे एक ई-मेल के जरिए कोर्ट परिसर और जज के चैंबर में सायनाइड गैस से भरे 14 बम लगाए जाने का दावा किया गया है। मेल में लिखा गया है कि सोमवार दोपहर 1 बजे से पहले किसी भी समय विस्फोट हो सकता है।
धमकी भरा ई-मेल मिलते ही बेगूसराय पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए। एहतियात के तौर पर सिविल कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। मुख्य प्रवेश द्वार को फिलहाल बंद कर दिया गया है और सुरक्षाकर्मियों के अलावा किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
ई-मेल भेजने वाले ने खुद को तमिलनाडु रिट्रीवल ट्रूप्स (TNRT) का सदस्य बताया है। पत्र में दावा किया गया है कि कोर्ट परिसर और जज के चैंबर में कुल 14 बम लगाए गए हैं, जिनमें सायनाइड गैस भरी हुई है। कुछ बम ड्रोन के जरिए गिराए जाने की बात भी लिखी गई है। इसी कारण प्रशासन को छतों और आसपास के क्षेत्रों की भी सघन तलाशी लेने की सलाह दी गई है।

धमकी भरे ई-मेल की शुरुआत ‘Justice For Nanguneri’ शब्दों से की गई है। मेल में लिखने वाले ने न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए तमिलनाडु के अजीत कुमार की पुलिस हिरासत में कथित मौत का जिक्र किया है और दावा किया है कि वह निर्दोष था। इसके साथ ही तमिलनाडु के कुछ राजनीतिक व्यक्तियों से जुड़े पारिवारिक विवादों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित गोपनीय दस्तावेज लीक होने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ई-मेल भेजने वाले ने अपना नाम सौरव विश्वास बताया है और खुद को ‘विश्वास भाई – नांगुनेरी सेल (TNRT)’ से जुड़ा बताया है।
इधर, पुलिस और साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ई-मेल के आईपी एड्रेस और प्रेषक की पहचान की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मेल में इस्तेमाल की गई भाषा और तकनीकी शब्दों को देखते हुए धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है।


