Begusarai News : बेगूसराय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घास काटने गई 15 वर्षीया एक किशोरी के साथ चार मनचलों ने सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का प्रयास किया। हालांकि, किशोरी की बहादुरी और स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना वीरपुर थाना क्षेत्र के मैदा बभनगामा बहियार का है।
खेत में ले जाकर पटकने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता बहियार में घास काट रही थी। इसी दौरान मैदा बभनगामा निवासी चार युवक मोहम्मद जमानत, मोहम्मद अफताब, मोहम्मद मिस्टर और मोहम्मद इम्तियाज ने पीछे से आकर किशोरी का मुंह दबा दिया। आरोपी उसे जबरन खींचकर पास के एक गेहूं के खेत में ले गए और वहां उसे पटक दिया। आरोपियों ने किशोरी को कचिया दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगे।
ग्रामीणों को देख भागे मनचले
किशोरी ने हार न मानते हुए शोर मचाना शुरू किया। उसकी चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण रविंद्र चौधरी और दिनेश पंडित घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख चारों युवक मौके से फरार हो गए।
पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ वीरपुर थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। वीरपुर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि किशोरी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर सभी चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध दुष्कर्म के प्रयास और पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। – रविंद्र कुमार, थानाध्यक्ष


