Begusarai News : जिले में नशा मुक्त भारत अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को रवाना किया गया। जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने हरी झंडी दिखाकर रथ को विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया।
इस मौके पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जो न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि परिवार और समाज की सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल असर डालता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। जागरूकता के माध्यम से ही इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
रवाना किया गया जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। इसके माध्यम से लोगों को नशा मुक्ति के महत्व, नशे से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं, पारिवारिक कलह और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश भी दिया जाएगा।
अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में सरल और प्रभावी तरीके से जानकारी दी जा रही है। इन प्रस्तुतियों में सूखा नशा सहित विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों को नाटकीय रूप से दर्शाया जा रहा है।
यह जागरूकता अभियान अगले पांच दिनों तक जिले के विभिन्न प्रखंडों और प्रमुख स्थलों पर चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके। जिला प्रशासन ने समाज के सभी वर्गों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया है।
इस अवसर पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।


