Begusarai News : मध्य पूर्व (खाड़ी देशों) में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों को देखते हुए पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। बुधवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक मनीष ने तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की उपलब्धता की समीक्षा की।
बैठक में डीएम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिले में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर नियमित निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
पुलिस अधीक्षक मनीष ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों पर संभावित भीड़ की स्थिति में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
बैठक में IOCL के नोडल पदाधिकारी निशिकांत ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 14 हजार गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, जबकि पहले यह संख्या लगभग 8 हजार थी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के कारण अचानक गैस बुकिंग बढ़ गई है, जिससे एजेंसियों पर भीड़ बढ़ी है। हालांकि एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है।
थिंक गैस के नोडल पदाधिकारी विजय कांत तिवारी ने बताया कि पाइपलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को चिंता करने की जरूरत नहीं है। वहीं HPCL और BPCL के प्रतिनिधियों ने भी घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य होने की जानकारी दी।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति पेट्रोलियम पदार्थों या एलपीजी गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी करते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता है।


