Begusarai News : बेगूसराय जिले से शिक्षा और बिजली विभाग की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल के परिसर में उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगे होने से करीब 640 बच्चों की जान पर हर समय खतरा मंडरा रहा है। हैरानी की बात यह है कि बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सका है।
पूरा मामला साहेबपुरकमाल प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नया जाफर नगर से जुड़ा है। विद्यालय परिसर में 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगाया गया है और स्कूल भवन के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन गुजर रही है। हैरानी की बात यह है कि स्कूल के जिस शौचालय का उपयोग छोटे बच्चे करते हैं, उसके ठीक ऊपर से 11,000 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन गुजर रही है। जिससे बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार ने बताया कि इस गंभीर खतरे को लेकर उन्होंने 31 जुलाई 2025 को ही विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (बलिया) को लिखित पत्र देकर अवगत कराया था। पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि ट्रांसफार्मर से अक्सर चिंगारियां निकलती हैं और कभी-कभी आग की लपटें भी गिरती हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। बावजूद इसके अब तक न तो स्थल का निरीक्षण किया गया और न ही ट्रांसफार्मर को हटाने की दिशा में कोई पहल हुई। ऐसा प्रतीत होता है कि बिजली विभाग किसी मासूम की जान जाने के बाद ही जागने का मन बना चुका है।
प्रधानाध्यापक का कहना है कि यदि कोई बच्चा खेलते-खेलते गलती से ट्रांसफार्मर के संपर्क में आ जाए, तो बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। इस स्थिति से न केवल छात्र बल्कि शिक्षक और अभिभावक भी भयभीत हैं। उन्होंने विभाग से मांग की है कि तत्काल स्थल का निरीक्षण कर ट्रांसफार्मर को किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि बच्चों की जान की रक्षा हो सके।
इस बीच स्कूल की बदहाल और खतरनाक स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर भी नाराजगी देखने को मिल रही है। एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें Instagram पर priyanshu_vloger143 नामक आईडी से एक युवक स्कूल परिसर में फैली इस गंभीर अव्यवस्था को दिखा रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद भी जिम्मेदार विभागों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।


