डेस्क : उत्तर प्रदेश के बनारस में हुए वकील और पुलिस के बीच विवाद का मामला केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में सुर्खियों है। ट्रैफिक मैनेजमेंट के दौरान पुलिस द्वारा पिटाई किए जाने से वकील शिवप्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह मामला खासतौर पर इसलिए चर्चा में है क्योंकि शिवप्रताप सिंह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के भाई जयराज सिंह के दामाद हैं।
जानकारी के अनुसार, शिवप्रताप सिंह पत्नी के साथ बनारस के लक्ष्मी कुंड स्थित मंदिर से घर लौट रहे थे। रथयात्रा चौराहे पर ट्रैफिक जाम में पुलिस और वकील के बीच विवाद हो गया। वकील ने कहा कि जलजमाव के कारण वह सीधे रास्ते से नहीं जा सकते थे, जबकि पुलिस ने उन्हें मार्ग बदलने को कहा। इसी बीच पुलिस ने उन्हें पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर मामला तेजी से वायरल हो गया है। लोग इसे प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जोड़कर चर्चा कर रहे हैं। शिवप्रताप सिंह की शादी गिरिराज सिंह के भाई जयराज सिंह की बेटी शारदा सिंह से हुई है, यह विवाह 2013 में हुआ था।