Weather Update : मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 2 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में कोल्ड डे की स्थिति बनने की प्रबल संभावना है। वहीं 4 और 5 जनवरी को बिहार के कुछ इलाकों में भी कोल्ड डे जैसे हालात रह सकते हैं। इसके अलावा 3 और 4 जनवरी को हिमाचल प्रदेश तथा 8 और 9 जनवरी को राजस्थान के कुछ हिस्सों में ठंड रहेगी।
दिल्ली में घना कोहरा और ठंड का असर
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार 2 से 5 जनवरी के बीच दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान रात और सुबह के समय घने से बहुत घने कोहरे की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
झारखंड में ठंडी हवाओं से बढ़ेगी परेशानी
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से झारखंड में ठंडी हवाएं चलेंगी। 3 जनवरी से राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर का असर दिख सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
राजस्थान में कोहरा और हल्की बारिश का दौर
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई है और सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला। अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में घने से अतिघने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। 4 से 6 जनवरी के बीच शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने और शीतलहर चलने की संभावना है।
कश्मीर, पंजाब और हरियाणा का हाल
कश्मीर में साफ मौसम के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं 5 जनवरी 2026 तक मौसम सर्द रहने की संभावना है। वहीं 3 से 6 जनवरी के बीच हरियाणा और चंडीगढ़ तथा 4 से 6 जनवरी तक पंजाब में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है। वहीं हरियाणा का नारनौल 4.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा दर्ज किया गया।

